पटना : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के लाखों परीक्षार्थियों का इंतज़ार जल्द ही खत्म होने वाला है। बोर्ड की ओर से मैट्रिक और इंटरमीडिएट की कॉपियों का मूल्यांकन कार्य युद्धस्तर पर जारी है। हर साल की तरह इस बार भी बिहार बोर्ड देश में सबसे पहले रिजल्ट जारी कर नया कीर्तिमान स्थापित करने की तैयारी में है। बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने स्पष्ट किया है कि परिणाम मार्च के इसी महीने में घोषित कर दिए जाएंगे। बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षाओं का परिणाम पूरी तरह तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि अगले एक सप्ताह के भीतर इंटर का रिजल्ट जारी कर दिया जाए। इसके ठीक कुछ दिनों बाद मार्च में ही मैट्रिक (10वीं) के नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे। रिजल्ट में पारदर्शिता और सटीकता बनाए रखने के लिए बोर्ड फिलहाल प्राप्त अंकों के संकलन और मिलान की प्रक्रिया में जुटा है। अध्यक्ष ने बताया कि आधिकारिक घोषणा से पहले सभी डेटा का गहन सत्यापन किया जाता है ताकि किसी भी तरह की त्रुटि की गुंजाइश न रहे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बहुत जल्द बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल्स पर रिजल्ट की तिथि और समय की सूचना दी जाएगी।
बिहार बोर्ड पिछले कुछ वर्षों से लगातार देश में सबसे पहले परीक्षा परिणाम घोषित करने का रिकॉर्ड बना रहा है। आनंद किशोर ने कहा कि इस बार भी इसी लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है। परीक्षार्थियों द्वारा प्राप्त अंकों का सत्यापन अंतिम चरण में है, जिसके बाद टॉपर्स का वेरिफिकेशन शुरू होगा। परीक्षार्थी अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in पर देख सकेंगे। किसी भी अफवाह से बचने के लिए बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक सूचना का ही इंतज़ार करें।