पटना ।। सत्यनारायण चतुर्वेदी ।। राजधानी पटना के बापू सभागार में आयोजित सरस सलिल भोजपुरी सिने अवॉर्ड समारोह में सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रेम यूथ फाउंडेशन को “लोकसेवा रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान संस्था द्वारा वर्षों से किए जा रहे जनसेवा, सामाजिक जागरूकता और लोक कल्याणकारी कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
समारोह में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने फाउंडेशन के सचिव गोपी कुमार को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक व भोजपुरी गायक विनय बिहारी, फिल्म अभिनेता कुणाल सिंह, संजय पांडेय, विधायक मिथलेश तिवारी, प्रकाश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद गोपी कुमार ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य जनसेवा है और इसके हजारों स्वयंसेवक देशभर में समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में संस्था द्वारा ऑक्सीजन बैंक की स्थापना कर हजारों लोगों की मदद की गई। इसके अलावा युवा क्लब, किसान क्लब और विज्ञान क्लब के माध्यम से भी सामुदायिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए संस्था नशा मुक्ति, दहेज विरोध, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन, कौशल विकास और स्वरोजगार जैसे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम चला रही है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
गौरतलब है कि प्रेम यूथ फाउंडेशन की स्थापना वर्ष 1996 में हुई थी और इसके स्वयंसेवक देश-विदेश में शांति, प्रेम और भाईचारे का संदेश फैलाने का कार्य कर रहे हैं। इस उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, विधान पार्षद नीरज कुमार, धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. रणवीर नंदन, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय पासवान समेत कई जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने संस्था को बधाई दी और उनके कार्यों की सराहना की।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट