पटना/भदौर/खुशरूपुर : पटना ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक Kundan Kumar ने भदौर एवं खुशरूपुर थाना का निरीक्षण कर लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भदौर थाना निरीक्षण के दौरान एसपी ग्रामीण ने थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, वायरलेस व्यवस्था एवं सीसीटीएनएस (CCTNS) प्रणाली की गहन जांच की। साथ ही सिरिस्ता कार्यों और लंबित कांडों के अनुसंधान की प्रगति का भी विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली और अभिलेखों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
वैज्ञानिक जांच और समयसीमा पर जोर
एसपी ग्रामीण Kundan Kumar ने निर्देश दिया कि सभी मामलों की जांच वैज्ञानिक पद्धति से की जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर अनुसंधान पूर्ण किया जाए, ताकि पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके।
कानून-व्यवस्था और जनसेवा पर बल
उन्होंने पुलिसकर्मियों को सतर्कता, जनसेवा और कानून-व्यवस्था के उच्च मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए रात्रि गश्ती और वाहन जांच को और सुदृढ़ करने को कहा।
खुशरूपुर थाना का भी किया निरीक्षण
इसके बाद एसपी ग्रामीण ने खुशरूपुर थाना का भी निरीक्षण किया, जहां थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, वायरलेस प्रणाली, सीसीटीएनएस, सिरिस्ता कार्य एवं लंबित मामलों की समीक्षा की गई। उन्होंने अभिलेख संधारण एवं थाना की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण करते हुए पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि अनुसंधान में गुणवत्ता बनाए रखें, समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। इस निरीक्षण के बाद थाना स्तर पर कार्यप्रणाली में सुधार और लंबित मामलों के जल्द निष्पादन की उम्मीद जताई जा रही है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट