बिहार के मोतिहारी में बीती देर रात करीब ढाई बजे हुई एक भीषण मुठभेड़ में पुलिस और STF की टीम ने कुख्यात कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे को मार गिराया। एनकाउंटर के दौरान STF का एक जवान भी शहीद हो गया। पुलिस के अनुसार यह मुठभेड़ चकिया थाना क्षेत्र के बुलाचक रामडीह गांव और सिहोर्वा गांव के बीच हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी यहां किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर जब पुलिस और STF की टीम मौके पर पहुंची तो अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की जिस दौरान दोनों कुख्यात अपराधी मारे गए। मृतकों की पहचान कुख्यात कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे के रूप में हुई है। इस भीषण मुठभेड़ में STF के जवान श्रीराम यादव भी शहीद हो गए हैं। दोनों अपराधी चकिया के बुलाचक गांव के रहने वाले बताए जाते हैं।
थानेदार को फोन पर दी थी धमकी
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में मारे गए दोनों बदमाशों ने इलाके में आतंक कायम कर रखा था और वे कुख्यात अपराधी की पहचान रखते थे। कुछ दिन पहले ही उन्होंने चकिया थाने के अपर थाना अध्यक्ष गौरव कुमार को फोन पर धमकी भी दी थी। दारोगा को फोन पर धमकाने का आडियो हाल में ही इलाके में वायरल हुआ था। इसके बाद पुलिस ने दोनों का लोकेशन ट्रेस करना शुरू कर दिया था। इसी क्रम में पुलिस को उनका लोकेशन चकिया थाना क्षेत्र के बुलाचक रामडीह गांव के पास सिहोर्वा गांव में मिला। पुलिस को अपने मुखबीर से यह भी सूचना मिली कि दोनों अपने साथियों के साथ वहां एकत्रित हुए हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस और एसटीएफ की टीम उन्हें गिरफ्तार करने वहां पहुंची थी।
पुलिस ने कई गांवों को घेरा, छापेमारी
बताया जाता है कि पुलिस को देखते ही अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश मारे गए। जबकि बाकी अपराधी गोलीबारी और अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अब बेलचक, सिहोर्वा और रामडीह गांव में लगातार छापेमारी कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी और एसपी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद गांव के प्रवेश द्वारों पर आवाजाही फिलहाल रोक दी गई है। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और जगह—जगह छापेमारी तथा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।