नवादा : गुरुवार की शाम 7 बजने ही वाले थे कि अचानक शहर की फिजां में एक खबर तैरती मिली। टी 20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट को फतह कर इंडिया टीम का सबसे प्यारा दुलारा और विस्फोटक बल्लेबाज ईशान किशन अपने दादी से मिलने नवादा पहुंच रहे हैं। फिर क्या था, देखते ही देखते शहर के पुरानी जेल रोड स्थित इनके आवास सावित्री सेवा सदन के आसपास खेल प्रेमियों का हुजूम इकट्ठा हो गया। बगैर किसी आधिकारिक सूचना के जुटी हजारों की भीड़ को व्यवस्थित करने में पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
भारी सुरक्षा बल की तैनाती और कड़े पुलिसिया इंतजाम के बीच ईशान किशन नवादा पहुंचे। हजारों फैंस के बीच से होकर सेवा सदन की सीढ़ियां लांघता क्रिकेट ग्राउंड का एटम बम जब अपने ही घर की गैलरी पर पहुंचा तो चाहने वालों का उत्साह चरम पर दिखा। ईशान किशन अपनी दादी सेवानिवृत्त सिविल सर्जन डॉ सावित्री शर्मा के साथ गैलरी से हाथ हिलाकर अपने चाहने वालों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी।
ईशान अपने तथाकथित अभिभावक डा शत्रुघ्न प्रसाद सिंह से कुछ इस अंदाज में मिले कि इनकी आंखें भर आईं। लोगों से खचाखच भरे हाल में ईशान ने बड़ी ही आत्मियता के साथ लोगों से मिला। ईशान खुद ही लोगों को अपनी सेल्फी बना कर दिया। कई फैंस ने आटोग्राफ भी लिया।इस दौरान चाहने वालों से खचाखच भरे हाल में हर कोई ईशान के साथ एक फोटो और सेल्फी लेने को आतुर दिखाई दिया।
सेवा सदन की सीढ़ियां, कमरे, हाल, बाहरी परिसर, आस-पास की गलियां लोगों से खचाखच भरा रहा। नीचे भीड़ को नियंत्रित करने की कवायद चल रही थी। इस बीच प्रशंसकों की मांग पर एक बार फिर से ईशान ने अपने घर की गैलरी में आकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। परिजनों से निजी मुलाकात कर लगभग एक घंटा नवादा में बिताने के बाद ईशान किशन पटना लौट गए। सूत्रों के मुताबिक, वे शुक्रवार को दिल्ली रवाना होंगे, जहां इंडियन टीम के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
भईया जी की रिपोर्ट