बिहार के सारण में 10वीं की एक छात्रा के साथ उसी के गांव के 5 दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसे जिंदा सूखे कुएं में फेंक दिया। बताया जाता है कि आरोपियों ने दुष्कर्म के बाद उसे 10 मीटर दूर कुएं तक घसीटा और जिंदा अंदर फेंक दिया। कुएं में ही करीब आधे घंटे तक तड़पने के बाद मासूम ने दम तोड़ दिया। इस कांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी युवराज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है जबकि 4 अन्य फरार हैं। घटना सारण के डेरनी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार उसी गांव के पांच दरिंदों ने 15 साल की नाबालिग छात्रा के साथ इस खौफनान कांड को अंजाम दिया। यह भी बताया गया कि लड़की की चीखें सुनकर उसकी मां वहां पहुंची, लेकिन उस मासूम ने अपनी मां की आंखों के सामने ही दम तोड़ दिया।
घात लगाकर बैठे थे पांचों आरोपी
मृतका की बहन ने बताया कि बदमाश पहले से ही छात्रा को परेशान किया करते थे। पहले भी उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश बदमाशों द्वारा की गयी थी। मृतक छात्रा की बहन ने आगे बताया कि बीते बुधवार की देर शाम को उसकी नाबालिग बहन पुराने घर पर गई थी। वह घर पर खाना बनाने के लिए लकड़ियां लेने पास में ही बने अपनी पुराने घर की झोपड़ी में गई। लेकीन उसे बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि गांव के पांच युवक पहले से ही वहां घात लगाकर बैठे हैं। जैसे ही वह वहां पहुंची, आरोपियों ने उसे दबोच लिया, एक सुनसान घर के बाथरूम में घसीटकर ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया। इस दौरान लड़की जोर-जोर से चिल्लाने लगी।
छात्रा की चीखें सुनकर दौड़े परिजन
छात्रा की चीखें सुनकर, उसकी मां और बड़ी बहन सहित आसपास के लोग घबराकर घटनास्थल की ओर दौड़ें। परिजनों को आता देख हैवानों के दिल में जरा भी दया नहीं आई। मां के मौके पर पहुंचने से पहले ही, आरोपियों ने लड़की को उसके पैरों से घसीटते हुए 10 मीटर दूर बने एक कुएं तक पहुंचाया। फिर दरिंदों ने छात्रा को गहरे कुएं में धकेल दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग निकले। चीखना-चिल्लाना सुन कर ग्रामीण भी वहां इकट्ठा हो गए और लड़की को बचाने कि कोशिश करने लगे। लेकिन, कुआं काफी गहरा था। जब तक गांव वाले रस्सी से उसे बाहर निकाल पाएं, तब तक वह अपनी आखिरी सांसें ले चुकी थी। ग्रामीणों के मुताबिक, मासूम बच्ची पानी के अंदर करीब आधे घंटे तक संघर्ष करती रही और दर्द से कराहती रही थी। छात्रा के पिता दूसरे राज्य में दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और घटना के समय घर पर केवल महिलाएं ही मौजूद थीं।
गांव वालों और परिवार के सदस्यों का आरोप है कि मुख्य आरोपी ने पहले भी छात्रा के साथ छेड़छाड़ की थी। एक बार तो वह जबरदस्ती उनके घर में घुस आया था और उसने छात्रा के साथ बलात्कार करने की धमकी दी थी। आरोपी अक्सर अपनी बेहिसाब दौलत का रोब झाड़ता था और दावा करता था कि वह पुलिस और प्रशासन, दोनों को खरीद सकता है। गांव वालों का कहना है कि इन युवकों ने पहले भी कई दूसरी लड़कियों को परेशान किया था, लेकिन पुलिस की ढिलाई के चलते उनकी हिम्मत बेतहाशा बढ़ गई थी। इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है। मौके से FSL की टीम ने सबूत इकट्ठा कर लिए हैं और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी जारी है।