बिहार में सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद अब खबर है कि राज्य की राजनीति ने नई करवट ले ली है। बिहार के नए सीएम के नाम पर मुहल लग चुकी है और नई सरकार का खाका भी सामने आ गया है। जानकारी सामने आ रही है कि बिहार की नई सरकार में 2 नहीं बल्कि 1 ही डिप्टी सीएम हो सकता है। यह लगभग तय है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ही एकमात्र उप मुख्यमंत्री होंगे। नए सीएम और नई सरकार को लेकर नीतीश कुमार ने आज अपने आवास पर जदयू की एक बड़ी बैठक बुलाई है। जानकारी के अनुसार बिहार की नई एनडीए सरकार में बीजेपी का सीएम समेत कुल 15 मंत्री हो सकते हैं। वहीं जेडीयू खेमे से एक उपमुख्यमंत्री और 15 मंत्री हो सकते हैंं। इसमें सहयोगी दलों लोजपा आर के 2 और हम तथा रालोसपा के एक—एक मंत्री हो सकते हैंं। इधर भाजपा सूत्रों ने बताया कि बीजेपी किसी छुपे रुस्तम को बतौर सीएम सामने ला सकती है। इनमें केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और बिहार के पूर्व मंत्री तथा पूर्व सीएम जगन्नथ मिश्र के पुत्र नीतीश मिश्र का नाम उभर कर सामने आया है। बताया जाता है कि हाल के विस चुनाव में मिथिलांचल में मिले अपार सपोर्ट के बदले भाजपा मिथिला वालों के लिए रिटर्न गिफ्ट के तौर पर निशांत मिश्र के नाम पर बतौर सीएम विचार कर रही है।
JDU-BJP के 15-15 मंत्री का फॉर्मूला
सूत्रों ने बताया कि अगर सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार डिप्टी सीएम बनते हैं तो जेडीयू का एक ही डिप्टी सीएम होगा। इसके अलावा जेडीयू कोटे से भी कुल 15 मंत्रियों को सरकार में जगह दी जाएगी। इसके अलावा सहयोगी पार्टियों—लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से दो मंत्रियों को जगह मिल सकती है। उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम और जीतन राम मांझी की हम पार्टी को एक-एक मंत्री पद मिल सकता है।
स्पीकर बीजेपी का ही, जेडीयू की बैठक
इसके अलावा नई सरकार में स्पीकर फिर से बीजेपी का ही होगा। इस वक्त गया सदर से बीजेपी विधायक प्रेम कुमार विधानसभा के स्पीकर हैं। बीते दिन सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करके कहा था कि वो राज्यसभा जाना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने राज्यसभा के लिए पर्चा भी भर दिया। सीएम नीतीश के पर्चा भरने के दौरान गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद थे। हालांकि, नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले का उनकी पार्टी में काफी विरोध भी हो रहा है। आज शुक्रवार को नीतीश के आवास के बाहर जदयू प्रदेश महासचिव त्रिलोकी दास धरने पर बैठ गए। उन्होंने नीतीश से बिहार में ही अपनी सेवा जारी रखने की भावनात्मक अपील की।
वरिष्ठ नेताओं से नीतीश करेंगे बात
इस बीच नीतीश कुमार ने जेडीयू की एक बड़ी और अहम बैठक पटना में बुलाई है। बताया जा रहा है कि सीएम नीतीश कुमार इस बैठक में अपने फैसले के बारे में बताएंगे। सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में बताया जाएगा कि स्वास्थ्य कारणों से नीतीश कुमनार ने राज्यसभा जाने का फैसला किया है। इस बैठक में ये भी बताया जाएगा कि अगली सरकार उन्हीं के मार्गदर्शन से चलेगी। बैठक में नई सरकार के गठन को लेकर चर्चा होने वाली है। माना जा रहा है कि नई सरकार में जदयू कोटे से 15 मंत्री शामिल हो सकते हैं। आज शाम की बैठक में नीतीश कुमार पार्टी सदस्यों से बातचीत कर अपने फैसले को भी समझाने की कोशिश करेंगे। साथ ही कहा जा रहा है कि वह जदयू को यह भी विश्वास दिलाएंगे कि भले ही राज्यसभा जा रहे हैं लेकिन बिहार की राजनीति पर नजर बनाए रखेंगे।