पटना (दानापुर) : दानापुर थाना क्षेत्र के पूर्वी गोला रोड पर शुक्रवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी, जो पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में हेड नर्स के पद पर कार्यरत थीं, की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान चांदनी कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस जांच और परिजनों के बयानों के अनुसार, हत्या के पीछे मुख्य कारण होली पर ससुराल जाने को लेकर हुआ विवाद और जुए में हारे गए पैसों का तनाव बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम आरोपी पति सोनू कुमार सिंह ने चांदनी पर होली के लिए छपरा (ससुराल) जाने का दबाव बनाया, जिसे लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। मृतका की बहन ने आरोप लगाया कि सोनू को ऑनलाइन गेमिंग की लत थी, वह करीब 4 लाख रुपये हार चुका था। यह पैसे चांदनी ने ही उसे दिए थे। बहस के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि सोनू ने चांदनी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने चांदनी के कान और सीने पर जोरदार प्रहार किए और गला दबाया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपी पति ने खुद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची ने सोनू कुमार सिंह को हिरासत में ले लिया। मृतका के बहनोई कृष्णा सिंह के अनुसार, सोनू ने रात करीब 2 बजे फोन कर खुद हत्या की बात स्वीकार की। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष अक्सर पैसों के लिए चांदनी पर दबाव बनाता था। पुलिस ने शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। दानापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर परिजनों द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।