नवादा : जिले की रजौली व रुपौ पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापामारी कर 555 लीटर महुआ शराब के साथ पांच बाइक जब्त किया है। इस क्रम में एक विधि विरुद्ध बालक को निरूद्ध किया। दूसरी ओर शराब निर्माण की चार भट्ठियों को ध्वस्त कर जावा महुआ घोल को विनष्ट कर दिया। दो बाइकों पर लदी 255 लीटर महुआ शराब जब्त-एक विधि-निरुद्ध बालक हिरासत में रजौली पुलिस ने परमचक गांव में अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों पर लदी 255 लीटर देसी महुआ शराब जब्त की तथा एक विधि-निरुद्ध बालक को हिरासत में लिया।
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि शराब की खेप को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई के तहत थाने में पदस्थापित एएसआइ संजय यादव, एएसआइ अमित कुमार वर्मा और एएसआई सत्यदेव प्रसाद ने सशस्त्र पुलिस बल के सहयोग से छापेमारी की। छापेमारी के दौरान शराब व दो मोटरसाइकिलों के साथ एक विधि-निरुद्ध बालक को पकड़ा गया। जब्त शराब और बाइक के अलावा बालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
दूसरी ओर रजौली थाना पुलिस ने घने जंगली क्षेत्रों में अवैध शराब के क्रय, विक्रय, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर कुल 300 लीटर देसी शराब और तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं। शराब धंधेबाज मौके से फरार होने में सफल रहे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त शराब और बाइक को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल क्षेत्र में अवैध शराब का धंधा कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गयी। पुलिस की कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। शराब की चार भट्ठियां ध्वस्त, दो सौ लीटर जावा महुआ नष्ट रूपौ थाना क्षेत्र के नावाडीह जंगल में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस ने चार अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। मौके पर मौजूद करीब दो सौ लीटर जावा महुआ घोल को बहाकर नष्ट कर दिया। जानकारी के अनुसार, रूपौ थाना की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नावाडीह जंगल में अवैध तरीके से महुआ शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जंगल में पहुंचकर सघन छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को चार स्थानों पर अवैध शराब निर्माण की भट्ठियां संचालित होती मिलीं, जिन्हें तत्काल ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद धंधेबाज छापेमारी की भनक मिलते ही जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद जावा महुआ घोल को नष्ट करते हुए अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया। रूपौ थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट