पटना। नारायण वर्ल्ड स्कूल परिसर में सोमवार, 2 फरवरी को विद्यालय के द्विवर्षीय कौशल प्रदर्शनी कार्यक्रम ‘उदित्यान 3.0’ का विधिवत आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘अमृतकाल प्रबोधिनी – कौशल बोध अध्याय’ विषयक थीम पर आधारित था। आयोजन का उद्घाटन संस्थान के संरक्षक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद गोपाल नारायण सिंह ने संस्थान की संस्थापक शैल सिंह, विद्यालय की निदेशक डॉ. मोनिका सिंह तथा विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों के साथ संयुक्त रूप से किया।
सैकड़ों प्रदर्शनों से सुसज्जित इस कौशल प्रदर्शनी में विद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के व्यावहारिक क्रियान्वयन की अनूठी झलक प्रस्तुत की। स्थापत्य, वास्तु, वसुधैव कुटुंबकम्, अन्नप्रसादम, विरासत भी–विकास भी तथा टेक-पार्क जैसे विभिन्न कौशल अनुभागों में विभाजित रंग-बिरंगे खेमों के अंतर्गत 125 से अधिक प्रदर्शनियों का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नाट्य, हस्तकला एवं संगीत विधाओं की समन्वित मंचीय प्रस्तुतियों ने उपस्थित आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं खाद्य प्रदर्शनी में प्रस्तुत सभी व्यंजनों को मां अन्नपूर्णा के आशीर्वाद स्वरूप प्रसाद के रूप में प्रदर्शित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विकसित भारत की परिकल्पना को रचनात्मक रूप से साकार किया।
इस अवसर पर 50 से अधिक तकनीकी प्रतिनिधियों तथा 1500 से अधिक आगंतुकों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। आगंतुकों ने विद्यालय के नवाचार-आधारित पाठ्यक्रम और विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा की सराहना की। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों के कौशल को विद्यालय की वार्षिक पत्रिका “शैल-प्रभा” के माध्यम से साहित्यिक स्वरूप में भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति गोविंद नारायण सिंह ने विद्यालय के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से देश की भावी पीढ़ी को राष्ट्र की भविष्योन्मुखी नीतियों से जोड़ने का सार्थक प्रयास हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से उठ रही इन शैक्षणिक पहलों को भारत के स्वर्णिम भविष्य का आधार बताया। अंत में विद्यालय के संरक्षक गोपाल नारायण सिंह ने विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।