पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर NEET की तैयारी कर रही छात्रा से रेप और उसकी संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में अब जांच एक निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। घटना के करीब 20 दिन बाद पटना पुलिस ने इस केस में POCSO एक्ट जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। छात्रा की उम्र 18 साल से कम होने का दावा परिवार ने SIT को किया था जिसके बाद पुलिस की तरफ से यह कदम उठाया गया है। छात्रा के परिजनों ने SIT को छात्रा का आधार कार्ड और मैट्रिक का सर्टिफिकेट सौंपा था जिनमें उसकी उम्र 18 वर्ष से कम दर्ज है। यह भी खबर है कि बहुत जल्द इस कांड को लेकर एसआईटी कई अहम खुलासे करने वाली है।
मौत पर सवाल समेत जल्द कई खुलासे
खबर है कि पीड़िता के परिजनों द्वारा सौंपे गए दस्तावेज़ों की प्राथमिक जांच के बाद SIT ने उसे नाबालिग मानते हुए अब पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ने के लिए कोर्ट में अनुमति आवेदन दायर करने की तैयारी कर ली है। कोर्ट से अनुमति मिलते ही यह मामला पॉक्सो की विशेष अदालत में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। वहीं इस कांड में एसआईटी को कुछ अहम कड़ियां मिलने की बात भी कही जा रही है। छात्रा की मौत को लेकर उठे कई सवालों के बाद अब पॉक्सो एक्ट जुड़ने से केस की दिशा और गंभीर हो जाएगी। नाबालिग पीड़िता के मामलों में जांच, ट्रायल और सजा तीनों स्तरों पर कानून बेहद कठोर होता है। SIT की जांच भी तेज हो गई है बीती देर रात SIT और फोरेंसिक टीम जहानाबाद जिले के पतियावां गांव पहुंची, जहां पीड़िता का पैतृक घर है। टीम ने पीड़िता की मां, पिता, भाई और दो मामाओं के ब्लड सैंपल लिए हैं। कुल पांच सैंपल फोरेंसिक लैब भेजे जाएंगे, जिससे छात्रा की मौत के कारणों और घटना की प्रकृति की पुष्टि में मदद मिल सकेगी।
नए एंगल और तथ्य सामने आ रहे, जांच तेज
गौरतलब है कि इस सनसनीखेज कांड में रोज नए एंगल और अफवाहें सामने आ रही हैं। SIT अब तक पांच बार पीड़िता के गांव जाकर परिवार से पूछताछ कर चुकी है। हर चरण में नए तथ्य सामने आते जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि DNA मैचिंग और अन्य सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब स्पष्ट हो सकते हैं। विदित हो कि यह मामला शुरू से ही संवेदनशील रहा है पहले संदिग्ध हालात में मौत, पुलिस द्वारा मामले को सुसाइड कहना, फिर रेप की आशंका, और अब पीड़ित छात्रा की उम्र नाबालिग होने की पुष्टि पर आगे की कार्रवाई…लगातार इस मामले में नए तथ्य सामने आ रहे हैं। परिजनों ने शुरू से इस केस की निष्पक्ष जांच की मांग की थी, और SIT ने अब जांच की गति बढ़ा दी है। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में इस केस में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।