बिहार के पश्चिम चंपारण जिलांतर्गत बगहा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बीती देर शाम को वीटीआर (वाल्मीकि टाइगर रिजर्व) के घने जंगलों में एक प्रेमी और प्रेमिका जोड़े के कंकाल पेड़ से लटके हुए मिले। बताया जाता है कि दोनों युवक और युवती पिछले करीब 4 महीने से अपने घरों से लापता थे। यह प्रेम प्रसंग्र में किया गया सुसाइड का मामला है, या फिर ऑनर किलिंग, इसकी जांच की जा रही है। पेड़ से लटके दो नर कंकाल मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। सूचना मिलते ही लौकरिया थाने के पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों कंकालों को पेड़ से उतरवाकर फोरेंसिक और अन्य वैज्ञानिक जांच के लिए भेजा गया। पुलिस दोनों की पुख्ता पहचान सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है। हालांकि बताया जा रहा कि दोनों कंकाल इसी थाना क्षेत्र से गायब युवक—युवती के हो सकते हैं जो बीते 4 माह से अपने—अपने घरों से लापता हैं।
मिली जानकारी के अनुसार यह सनसनीखेज मामला लौकरिया थाना क्षेत्र के रामपुर मुसहरी टोला के पश्चिम मदनपुर वन क्षेत्र में वीटीआर के जांगलों से सटे इलाके में सामने आया है। स्थानीय लोगों से पूछताछ और बरामद साक्ष्यों जैसे मौके से मिले कपड़ों, चप्पल और मोबाइल के आधार पर दोनों कंकालों की पहचान कर लिये जाने बात पुलिस ने कही, परंतु कंन्फ्रर्म होने के लिए आगे की जांच प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रारंभिक तौर पर कहा गया कि मृतकों में 14 वर्षीय दुलारी देवी और 20 वर्षीय अखिलेश यादव शामिल हैं जो पिछले 4 महीने से अपने—अपने घरों से लापता थे। अखिलेश इंटर पास था जबकि दुलारी देवी पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। दोनों सितंबर महीने से लापता थे। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मदनपुर वन क्षेत्र में पेड़ से लटके दोनों के शव मिले हैं।
ऑनर किलिंग की आशंका
घटना की जानकारी मिलते ही बगहा एसपी, रामनगर एसडीपीओ, लौकरिया थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल से कपड़े, चप्पल, एक मोबाइल फोन और प्लास्टिक में रखा हुआ एक सुसाइड नोट बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डीएनए जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। अखिलेश के परिजनों ने इसे ऑनर किलिंग करार देते हुए जांच की मांग की है।