बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के राघोपुर में दारू माफिया ने पुलिस टीम पर फायरिंग और पत्थरबाजी करते हुए हमला कर दिया। घटना में एक ASI समेत तीन जवान घायल हो गए। बताया जाता है कि राघोपुर प्रखंड अंतर्गत जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब धंधेबाजों पर कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस को हालात नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग तक करनी पड़ी। घटना में एक एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस बवाल के दौरान पुलिस ने दो शराबियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान सोनू कुमार, पिता नवल राय, और बिजली राय, पिता योगी राय के रूप में हुई। दोनों जुड़ावनपुर थानांतर्गत पहाड़पुर पश्चिमी के रहने वाले हैं। छापे के दौरान एक अन्य शख्स जर्किन में रखी देशी शराब को जमीन पर फेंकते हुए पुलिस को धक्का देकर फरार हो गया।
पुलिस वाहन पर चढ़ी भीड़ पथराव-फायरिंग
जानकारी के अनुसार दारू माफिया पर कार्रवाई के लिए जब पुलिस टीम वहां शराब और गैलन का वीडियो रिकॉर्ड कर रही थी, तभी 30 से 35 लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और गिरफ्तार दोनों शराबियों को छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने किसी तरह दोनों को वाहन में बैठाया, लेकिन उग्र लोगों ने वाहन के आगे ठेला लगाकर रास्ता रोक दिया और ईंट-पत्थर चलाने लगे। इस हमले में सिपाही सुनील कुमार सिंह, महिला सिपाही मोनिका कुमारी और एएसआई धीरेंद्र कुमार घायल हो गए। हालात और बिगड़ते हुए देख 20–25 लोग पुलिस वाहन पर लटक गए और बलपूर्वक तीसरे गिरफ्तार शराब माफिया को छुड़ाकर फरार हो गए। एएसआई धीरेंद्र कुमार ने बताया कि इस दौरान 5–6 लोगों ने उन्हें घेरकर मुक्का और लाठी से जानलेवा हमला किया।
गुप्त सूचना के पर पहुंची थी पुलिस
पुलिस ने बताया कि जुड़ावनपुर थाना में पदस्थापित एएसआई धीरेंद्र कुमार बीती शाम नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि पहाड़पुर पश्चिमी पंचायत के वार्ड संख्या आठ स्थित रजिस्ट्री टोला में नवल राय के घर अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री हो रही है। सूचना की पुष्टि के बाद एएसआई पुलिस बल के साथ नवल राय के घर पहुंचे। घर से सटे पलानी में सात-आठ लोग बैठे हुए थे, जो पुलिस को देखते ही भागने लगे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को मौके पर पकड़ लिया।
आत्मरक्षा में ASI ने की फायरिंग
स्थिति पूरी तरह बेकाबू होने पर एएसआई ने भीड़ को कई बार चेतावनी दी, लेकिन लोग हथियार छीनने की धमकी देने लगे। अपनी जान बचाने के लिए एएसआई धीरेंद्र कुमार ने पिस्टल से एक राउंड हवाई फायरिंग की। फायरिंग के बाद भीड़ कुछ हद तक तितर-बितर हुई, जिसके बाद पुलिस टीम किसी तरह मौके से निकलकर थाना पहुंची। रास्ते में थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मिले। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए राघोपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, फतेहपुर ले जाया गया। इलाज के बाद एएसआई के बयान पर जुड़ावनपुर थाना में 10 नामजद, 3–4 अज्ञात महिलाओं और 15–20 अज्ञात पुरुषों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों में नवल राय, रामा राय, सन्नी कुमार, विक्रम राय, ओम प्रकाश राय, मुकेश राय और नवल राय की पत्नी माया कुमारी सहित अन्य शामिल हैं।