अरवल -बिहार पुलिस अवर निरीक्षक नियुक्ति प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संचालन हेतु ब्रीफिंग बैठक आयोजित किया गया बिहार सरकार अंतर्गत पुलिस अवर निरीक्षक (SI) पदों पर नियुक्ति हेतु आयोजित प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस एवं पुलिस अधीक्षक, अरवल नवजोत सिमी की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
उक्त प्रतियोगिता परीक्षा 18 जनवरी 2026 (रविवार) को अरवल जिला अंतर्गत पांच परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी प्रथम पाली पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक, द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक। ब्रीफिंग बैठक के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारीगण, जोनल दंडाधिकारी-सह-समन्वयक एवं सुपर जोनल दंडाधिकारी-सह-वरीय पदाधिकारी को परीक्षा संचालन से संबंधित सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।
बैठक में विशेष रूप से निम्न बिंदुओं पर जोर दिया गया परीक्षा अवधि में विधि व्यवस्था का सुदृढ़ संधारण, कदाचार की रोकथाम एवं शून्य सहनशीलता नीति, परीक्षार्थियों की सुचारु प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, समयपालन, गोपनीयता एवं परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करने का निर्देश जारी किया गया है। जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा कदाचार की स्थिति में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया गया। परीक्षा दिवस को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने हेतु ट्रैफिक डीएसपी को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि बाहर के जिलों से आने-जाने वाले परीक्षार्थियों हेतु पर्याप्त संख्या में वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने दायित्व स्थलों पर समय से पूर्व उपस्थित रहकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि सभी परीक्षा केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जांच व्यवस्था स्थापित की गई है, ताकि परीक्षार्थियों की समुचित जांच सुनिश्चित की जा सके। जिला प्रशासन, अरवल द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि प्रतियोगिता परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएँ सुदृढ़ रूप से की गई हैं। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार, ओएसडी ऋषिकेश तिवारी सहित सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट