पटना। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पटना के सभागार में सोमवार, 12 जनवरी को “विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग” के अंतर्गत भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में एम्स पटना के एमबीबीएस छात्र, बीएससी ऑनर्स नर्सिंग के छात्र, संकाय सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम युवाओं को विकसित भारत की परिकल्पना से अवगत कराने तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को समझाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। उपस्थित छात्रों एवं युवा स्वास्थ्य पेशेवरों ने प्रधानमंत्री के विचारों को गंभीरता से सुना और उनसे प्रेरणा ग्रहण की। कार्यक्रम में एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. राजू अग्रवाल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुप कुमार, प्रभारी डीन (अकादमिक) प्रो. डॉ. संजय पांडेय, डीन छात्र कल्याण डॉ. रुचि सिन्हा, डीन परीक्षा डॉ. मनोज कुमार एवं रजिस्ट्रार प्रो. डॉ. ज्योति प्रकाश सहित संस्थान के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान युवा चिकित्सकों एवं छात्रों ने “विकसित भारत” विषय पर अपने विचार डिस्प्ले बोर्ड पर लिखकर साझा किए। इन विचारों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवा, नवाचार एवं जनसेवा के जरिए देश के विकास में योगदान देने की उनकी प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से देखने को मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में युवा नेतृत्व, नवाचार तथा सक्रिय सहभागिता के महत्व पर विशेष बल दिया। उनका संदेश उपस्थित छात्रों एवं युवा स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए प्रेरणास्रोत साबित हुआ।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट