अरवल – जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस के द्वारा राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, इटवां का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं भौतिक संसाधनों की स्थिति का आकलन कर शैक्षणिक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाना था। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा विद्यालय के खेल मैदान, प्रयोगशाला कक्ष, पुस्तकालय (लाइब्रेरी), इको क्लब तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। उन्होंने छात्रों को उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता एवं उनके समुचित उपयोग पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने विद्यालय के प्राचार्य, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं डीपीएम (एजुकेशन) को निर्देशित किया कि शिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा प्रयोगशाला, पुस्तकालय एवं इको क्लब को सक्रिय एवं उपयोगी स्वरूप में विकसित किया जाए, जिससे विद्यार्थियों को समग्र शैक्षणिक लाभ प्राप्त हो सके। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यालय के खेल मैदान के सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता पर बल देते हुए संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि खेलकूद गतिविधियाँ विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, अतः खेल मैदान को मानक के अनुरूप विकसित किया जाए। जिला पदाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को स्वच्छता, अनुशासन एवं नियमित मॉनिटरिंग बनाए रखने के भी निर्देश दिए, ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, ओएसडी ऋषिकेश तिवारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी माला कुमारी, संबंधित शिक्षा विभाग के पदाधिकारी एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट