बिहार में आज गुरुवार की सुबह—सुबह राजधानी पटना के सिविल कोर्ट समेत राज्य के तीन जिलों की अदालतों को एक के बाद एक से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद राज्य पुलिस महकमे समेत सभी जिलों के आलाधिकारियों में हड़कंप मच गया। खबर है कि पटना, गयाजी और किशनगंज सिविल कोर्ट को धमाकों से उड़ाने की यह धमकी ईमेल के जरिये दी गई है। राज्य के तीन बड़े सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पटना, किशनगंज और गया जी की जिला अदालतों में अफरा—तफरी मच गई। तीनों ही जिलों की अदालत परिसरों को खाली कराया गया और सभी जजों तथा वकीलों के चेंबर को सुरक्षित करने के बाद अभी तीनों जगह कोर्ट परिसर के चप्पे—चप्पे की तलाशी की जा रही है।
पटना में जिला जज के ईमेल पर आई धमकी
सबसे पहले पटना सिविल कोर्ट को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिली। यहां सिविल कोर्ट के एक रजिस्टर्ड ईमेल पर यह धमकी दी गई। इसके बाद पूरे कोर्ट परिसर और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पटना के जिला जज ने धमकी के मद्देनजर कोर्ट परिसर खाली करने का आदेश दिया। आननफानन में पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया गया। पीरबहोर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची हुई है। पटना में जजों एवं वकीलों के चेंबर तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार सिविल कोर्ट के एक रजिस्टर्ड ईमेल पर यह धमकी दी गई है। ईमेल में लिखा गया है कि 8 जनवरी 2026 को सिविल कोर्ट परिसर में आरडीएक्स से तीन विस्फोट किया जाएगा। इस सूचना के बाद जिला बार एसोसिएशन, पटना के सचिव को पत्र लिखकर सूचित किया गया कि सभी सदस्यों को कोर्ट परिसर खाली करने की कार्रवाई करें।
गयाजी और किशनगंज में भी अलर्ट
इसबीच गयाजी में भी इसी तरह के ईमेल से वहां के सिविल कोर्ट को भी बम धमाके की धमकी मिलने की खबर है। वहां भी कोर्ट परिसर खाली कराने के साथ ही डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। वहां अभी पूरे कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच की जा रही है। पटना के साथ ही गयाजी सिविल कोर्ट की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। कोर्ट के सभी जज, स्टाफ और वकीलों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। पटना और गयाजी के अलावा किशनगंज कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना है। तीनों ही जगहो की अदालतों में वरिष्ठ एसपी सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद हैं और पूरी जांच-पड़ताल में जुटे हैं। फिलहाल पुलिस धमकी के स्रोत और इसे देने वाले व्यक्तियों की खोज में सक्रिय है। पटना सिविल कोर्ट को RDX बम से उड़ाने की धमकी के साथ ही गयाजी सिविल कोर्ट और किशनगंज कोर्ट की भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। खतरे के मद्देनज़र पटना, गयाजी और किशनगंज सिविल कोर्ट के सभी जज और कोर्ट कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाल दिया गया। तीनों जगहों पर वरिष्ठ एसपी समेत कई उच्च पुलिस अधिकारी हालात का जायजा ले रहे हैं।