अरवल -जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस द्वारा कुर्था प्रखंड अंतर्गत अर्धनिर्मित पंचायत सरकार भवन, मानिकपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य की प्रगति, निर्माण में प्रयुक्त की जा रही सामग्रियों की गुणवत्ता तथा कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराए जाने की स्थिति का आकलन करना रहा। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने भवन निर्माण से संबंधित विभिन्न पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण प्रशासन की एक महत्वपूर्ण इकाई है, अतः इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। जिला पदाधिकारी द्वारा जिला पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी एवं संबंधित ठेकेदार (कॉन्ट्रैक्टर) को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्माण कार्य को ससमय, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
साथ ही निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि पंचायत सरकार भवन के पूर्ण होने से आमजनों को पंचायत स्तर पर ही विभिन्न सरकारी सेवाएँ सुलभ हो सकेंगी, जिससे महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभग्रामीण जनता तक प्रभावी रूप से पहुँच सकेगा। निरीक्षण के क्रम में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कार्यदायी एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट