अरवल – जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस की अध्यक्षता में मकर संक्रांति महोत्सव-2026 के आयोजन के संबंध में कार्यालय प्रकोष्ठ में एक महत्त्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में मकर संक्रांति पर्व को भव्य, सुव्यवस्थित एवं जनभागीदारी के साथ आयोजित करने हेतु आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श करना था। बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 जनवरी 2026 को स्थानीय गांधी मैदान, अरवल में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मकर संक्रांति महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ पतंग महोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे जिले की लोक संस्कृति एवं पारंपरिक उत्सवों को बढ़ावा मिल सके। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आयोजन से संबंधित सभी तैयारियाँ समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएँ। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा एवं मंच व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह मकर संक्रांति महोत्सव जिले की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, सामाजिक समरसता एवं जनभागीदारी को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा। बैठक में अपर समाहर्ता रवि प्रसाद चौहान, अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी विनोद कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी डॉ. सुनैना, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी माला कुमारी एवं जिला कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट