अरवल – जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस की अध्यक्षता में औद्योगिकीकरण के विकास एवं इसके समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में ‘उद्यमी संवाद’ का आयोजन किया गया। संवाद का मुख्य उद्देश्य जिले के उद्यमियों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को जानना था, ताकि उद्योगों के विकास में आ रही बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके एवं आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। कार्यक्रम के दौरान अरवल जिले के विभिन्न उद्यमियों द्वारा अपनी समस्याएं रखी गईं।
इनमें प्रमुख रूप से बिजली आपूर्ति की समस्या, कच्चे माल की उपलब्धता, बाजार की उपलब्धता, विपणन से जुड़ी कठिनाइयों सहित अन्य व्यावहारिक समस्याएं शामिल थीं। जिला पदाधिकारी ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले के समग्र विकास एवं औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, ताकि जिले में एक सुदृढ़ औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि उद्योगों की स्थापना से न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि जिले के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी। जिला प्रशासन उद्यमियों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही जिला पदाधिकारी द्वारा महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिया गया कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) सहित अन्य महत्वपूर्ण औद्योगिक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक इच्छुक व्यक्ति इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इसके अतिरिक्त प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निष्पादन हेतु महाप्रबंधक को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित उद्यमी संवाद औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ अरवल जिले में औद्योगीकरण को नई गति प्रदान की जा सकेगी। उक्त कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, ओएसडी ऋषिकेश तिवारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी माला कुमारी, एलडीएम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट