नवादा : नव वर्ष के शुभ अवसर पर जिला पदाधिकारी, श्री रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान ने संयुक्त रूप से विधि-व्यवस्था संधारण के उद्देश्य से जिले के विभिन्न पिकनिक स्पॉटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में सर्वप्रथम रजौली प्रखंड स्थित हरदिया डैम का निरीक्षण किया। इसके पश्चात गोविंदपुर प्रखंड अंतर्गत ककोलत जलप्रपात का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश ने नवादा जिले के समस्त नागरिकों को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जिले में भ्रमण हेतु आए सभी सैलानियों से अपील किया कि वे नव वर्ष को अपने परिवार के साथ शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। साथ ही हरदिया डैम को और अधिक विकसित एवं पर्यटक अनुकूल बनाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान ने कहा कि जिले के सभी पिकनिक स्थलों पर असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधि-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी जिलेवासियों से शांतिपूर्ण ढंग से नव वर्ष मनाने की अपील की।
प्रशासन द्वारा सभी प्रमुख पर्यटन एवं पिकनिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई थी, ताकि आमजन एवं सैलानियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी रजौली श्री स्वतंत्र कुमार सुमन, प्रखंड विकास पदाधिकारी रजौली, अंचलाधिकारी रजौली, प्रखंड विकास पदाधिकारी गोविंदपुर के साथ-साथ अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट