मधुबनी जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बांग्लादेशी होने के शक में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित युवक की पहचान सुपौल जिले के निवासी एक मजदूर के रूप में हुई है जो मधुबनी में रहकर फेरी लगाने का काम करता है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद मधुबनी एसपी योगेंद्र कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआईटी गठित कर तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया है। एसपी ने सदर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की है जिसे आरोपियों को जल्द गिरफ्तारी को कहा गया है।
इसके साथ ही पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। एसपी वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि पीड़ित युवक बांग्लादेशी नहीं है। बल्कि वह पड़ोसी जिला सुपौल का निवासी है। उन्होंने बताया कि युवक मधुबनी जिले में फेरी लगाने का कार्य करता है और राजनगर थाना क्षेत्र के चकदह गांव में कुछ लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई है। एसपी ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर भ्रामक और गलत खबरें फैलाई जा रही हैं जिनमें युवक को बांग्लादेशी बताया जा रहा है। यह पूरी तरह से असत्य है। पुलिस सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर बनाए हुए है ताकि किसी तरह की अफवाह या गलत सूचना फैलने से रोका जा सके।
फिलहाल सदर डीएसपी-2 के नेतृत्व में मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोगों की भीड़ एक युवक को घेरे हुए है और उसे बांग्लादेशी बताकर बुरी तरह पिटाई की जा रही है। पुलिस ने इस वीडियो को फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की बात कही है। इलाके में सामाजिक सौहार्द नहीं बिगड़े, इसके लिए गश्त बढ़ा दी गई है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में मारपीट करने वालों को कितनी जल्दी गिरफ्तार कर पाती है।