पश्चिम चंपारण जिले से आज सुबह—सुबह बड़ी वारदात की खबर सामने आई। यहां सन आफ मल्लाह मुकेश सहनी की वीआईपी पार्टी के छौड़ादानो प्रखंड अध्यक्ष कामेश्वर सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। इस हत्या को प. चंपारण के दरपा थाना क्षेत्र के तिनकोनी गांव में अंजाम दिया गया है। जानकारी के अनुसार हमलावर दो बाइक पर सवार होकर आए थे। बाइक सवार बदमाशों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर कामेश्वर सहनी को गोलियों से छलनी कर दिया। मृतक कामेश्वर सहनी, 40 वर्ष प्रखंड अध्यक्ष के दायित्व में थे।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि कामेश्वर सहनी जब सुबह शौच के निकले तो रास्ते में घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। बताया जाता है कि मृतक कामेश्वर सहनी का भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह नक्सली गतिविधियों में भी शामिल रहा है। हमलावरों की संख्या तीन बताई जाती है जो दो बाइक पर सवार होकर वहां आए थे। मृतक कामेश्वर सहनी के खिलाफ कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं
हत्या के वक्त गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। घटना की सूचना मिलते ही रक्सौल डीएसपी और आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस गांव में घटना की जांच में जुट गई हैं। मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्वायड भी पहुंची हुई है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। चुनावी रंजिश की भी बात कही जा रही है। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि पुरानी रंजिश के कारण इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। फिलहाल इलाके में व्याप्त तनाव को देखते हुए आसपास के गांवों और चौक चौराहों पर भारी संख्या में जवानों को तैनात किया गया है।