गोपालगंज में आज शुक्रवार को मकान निर्माण के दौरान छत की ढलाई के वक्त हुए एक दर्दनाक हादसे में 3 मजदूरों की मौत हो जाने की खबर है। बताया जाता है कि ये सभी मजदूर छत की ढलाई के दौरान करंट की चपेट में आ गए जिससे उनकी वहीं मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलसने के बाद अस्पताल में भर्ती है। घटना गोपालगंज के उचकागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत लुहसी गांव की बताई जाती है। मृतकों में नसरुद्दीन मियां, नीरज कुमार और बलिराम सिंह शामिल है, जबकि जितेंद्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गया है।
बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब चारों मजदूर घर का निर्माण कर रहे थे। इसी दौरान अचानक 4 मजदूर तेज करंट की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नवनिर्मित मकान की छत ढलाई के दौरान मिक्सर मशीन में अचानक करंट दौड़ गई जिससे चार मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद आनन-फानन में चारों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य घायल मजदूर का इलाज इमरजेंसी वार्ड में जारी है।
मरने वालों में त्रिलोकपुर गांव निवासी ठेकेदार नसरूदीन मियां (55 वर्ष), नीरज कुमार (30 वर्ष) और बलिराम सिंह (48 वर्ष) शामिल हैं। गंभीर रूप से झुलसे जितेंद्र सिंह का इलाज अस्पताल में चल रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मकान की ढलाई के दौरान छत पर चल रही मिक्सर मशीन में बिजली आपूर्ति के लिए तार जोड़ा जा रहा था। तभी अचानक मशीन में करंट फैल गया और मजदूर उसकी चपेट में आ गए। घटना की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। गांव में मातमी सन्नाटा छा गया है और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खबर मिलते ही उचकागांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।