राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की बिहार अधिकार यात्रा के प्रथम चरण के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना जिले के बाढ़ विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। इस अवसर पर लोहिया जनतादल के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह यादव के संयोजन में अनुमंडल के गौरक्षणी स्थित भागीरथ पेट्रोल पंप पर हजारों समर्थकों की भीड़ उमड़ी। यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव का भव्य स्वागत कर्णवीर सिंह यादव उर्फ लल्लू मुखिया ने अपने समर्थकों के साथ गगनभेदी नारों के बीच फूल-माला, अंगवस्त्र और चांदी का मुकुट पहनाकर किया। कर्णवीर सिंह यादव, जो लोहिया जनतादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और बाढ़ विधानसभा से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में सर्वाधिक मत प्राप्त कर चुके हैं, ने तेजस्वी यादव के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ी।
अपने स्वागत से अभिभूत होकर तेजस्वी यादव ने कर्णवीर सिंह यादव उर्फ लल्लू मुखिया का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यदि राजद की सरकार बनी तो बिहार से बेरोज़गारी, पलायन और अन्य प्रमुख समस्याओं को दूर कर राज्य को समृद्ध बनाएंगे। इस अवसर पर कर्णवीर सिंह यादव ने नेता प्रतिपक्ष को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि वे बिहार अधिकार यात्रा को सफल बनाकर तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे बाढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता के दुख-सुख में सदैव साथ रहेंगे और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्षरत रहेंगे।
वहीं, बिहार अधिकार यात्रा के तहत अथमलगोला प्रखंड के गंजपर में भी तेजस्वी यादव का राजद कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस कार्यक्रम में राजद महिला नेत्री शगुन सिंह, नमिता नीरज सिंह, रविशंकर सिंह जाह्नवी, रामनरेश राही सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष को फूल-मालाएं, अंगवस्त्र और चांदी की मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। खास बात यह रही कि पूरे कार्यक्रम के दौरान तेजस्वी यादव को बाढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल चार चांदी की मुकुटें पहनाई गईं। इससे स्पष्ट है कि क्षेत्र में राजद की बिहार अधिकार यात्रा ने राजनीतिक हलचल को तेज कर दिया है और आने वाले समय में बाढ़ की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट