नवादा : नगर के गाँधी इंटर विद्यालय मैदान में एनडीए का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जदयू-भाजपा के अलावे सभी सहयोगी दलों के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्जवलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिला अध्यक्ष मुकेश विद्यार्थी और मंच संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता ने किया। सभा को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि एनडीए के सभी कार्यकर्ता बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को क्षेत्र में घूम-घूम कर जानकारी दें एवं आने वाले विधानसभा के चुनाव में 225 सीट जीत कर एक बार फिर नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनाने का काम करें।
उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी नेता कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में तत्परता के साथ कार्य करें एवं एनडीए को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए का लहर है। आने वाले 2025 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन का सुपड़ा साफ हो जाएगा। महागठबंधन के नेताओं के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए महागठबंधन के नेता घबराए हुए हैं और घबराकर अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं।
नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि आप लोगों को अफवाहों से सावधान रहने की जरूरत है। बिहार में एनडीए की सरकार ने सुशासन,सुरक्षा के साथ बिहार के विकास के लिए संकल्पित है और लगातार बिहार विकास की ओर अग्रसर है। कार्यकर्ताओं से आग्रह किया गया कि वे गांव-गांव जाकर केंद्र और बिहार सरकार की योजनाओं की जानकारी दें।
साथ ही किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी का मुकाबला करें। कार्यकर्ताओ को संबोधित करते हुए बिहार सरकार की मंत्री शीला मंडल ने कहा कि देश का विकास एनडीए और बिहार के विकास के लिए भी एनडीए की सरकार जरूरी है। क्योंकि बिहार और बिहारियों की चिंता एनडीए की सरकार ही कर सकती है। एनडीए सरकार ने बिहार के गरीब गुरबों के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाओं को चलाकर बिहार को संवारने का कार्य किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज़ हुसैन ने कहा आज बिहार के वृद्धजनों और दिव्यांगजनो को सम्मान देकर पेंशन की राशि बढ़ाया है। इस लिए आप सभी लोगों से आग्रह है कि बिहार के विकास के लिए तत्पर एनडीए की सरकार को पुनः बनायें ताकि बिहार के विकास का पहिया दुगुने रफ्तार से जारी रहे।
इस दौरान विधान पार्षद अशोक यादव, पूर्व विधायक ई सुनील कुमार, लोजपा के धीरेन्द्र मुन्ना, हम के श्याम सुंदर सिंह, लोजपा रामविलास के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह, हम जिलाध्यक्ष अशोक माँझी,आरएलएम जिलाध्यक्ष राजेन्द्र कुशवाहा,राजेश कुमार सिंह आनंद गौरव, शैलेन्द्र शर्मा,अरविन्द गुप्ता,नंदकिशोर चौरसिया,, गौरव शांडिल्य, अभिजीत कुमार सिन्हा, तेजस सिन्हा,विनोद भोली, अजित शंकर, माधुरी वर्णवाल, नवल चौहान, नरेंद्र यादव, शशि कुमार शेष, मनोहर पासवान एवं कई अन्य उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट