नालंदा : जिले के बिहारशरीफ के मानपुर थाना क्षेत्र के सरबहदी गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर स्थित एक पोखर से 28 वर्षीय युवक राजा चौधरी का शव बरामद हुआ। वह शुक्रवार शाम से लापता था। परिजनों के अनुसार, राजा शुक्रवार रात खाना खाने के बाद ताश खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने पोखर में शव देखा और तुरंत इसकी सूचना उसके परिवार को दी।
मृतक के चचेरे भाई भोला चौधरी ने आरोप लगाया कि राजा की बेरहमी से हत्या की गई है। उसके शरीर पर चाकू से हमला करने के कई निशान हैं, जिससे प्रतीत होता है कि हत्या के बाद शव को पोखर में फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सदर डीएसपी-1 नुरुल हक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का लग रहा है। घटनास्थल से ताश के पत्ते भी बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।