मुजफ्फरपुर से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। यहां जिले के रामपुर हरि थाना क्षेत्र के कोइली गांव में आज शुक्रवार की सुबह महज एक मुर्गे के लिए एक युवक की पीट—पीटकर हत्या कर दिये जाने की सूचना है। बताया गया कि कोइली गांव में आज मुर्गा चोरी के आरोप में 40 वर्षीय संजय सहनी की पेड़ से बांधकर बेरहमी से पिटाई की गई। इस दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार रोज की तरह आज सुबह भी संजय सहनी शौच के लिए घर से निकला था। लेकिन कुछ देर बाद परिजनों को उसका शव बगीचे में पेड़ से बंधे होने की खबर मिली। जब उन्होंने वहां जाकर देखा तो संजय सहनी वहां मृत अवस्था में पेड़ से बंधा मिला।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव में ही संचालित मुर्गा फॉर्म के मालिक विजय सहनी और उसके स्टाफ ने संजय सहनी को मुर्गा चोरी के शक में पकड़कर पेड़ से बांध दिया और बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को वहीं पेड़ से टांग दिया गया। मृतक की पत्नी पार्वती देवी ने रो-रोकर बताया कि उनके पति निर्दोष थे और रोजाना सुबह करीब पांच बजे शौच के लिए निकलते थे। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि घटना को अंजाम मुर्गा फॉर्म संचालक और उनके परिवार वालों ने ही दिया है। मृतक की पत्नी ने यह भी बताया कि मुर्गा फॉर्म संचालक उसका पट्टीदार भी है।
मृतक के भाई ने कहा कि मेरे भाई को पहले पेड़ से बांधकर मारा गया है, फिर शव को लटका दिया गया है। उसने कहा कि मुर्गा फॉर्म संचालक जो हमारे पट्टीदार हैं, उन्होंने ही साजिश रचकर मेरे भाई की हत्या कर दी और शव को पेड़ से लटका दिया। हत्या की सूचना के बाद रामपुर हरि थाने के एसएचओ के नेतृत्च में पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है। थानेदार ने बताया कि मृतक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। मुर्गा चोरी के आरोप में पिटाई से मौत की बात ग्रामीण बता रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।