नवादा : जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के लेदहा पंचायत पैक्स अध्यक्ष से बाइक सवार बदमाशों ने 17.43 लाख की लूट को अंजाम दिया। इस मामले में पीड़ित ने शुक्रवार को नेमदारगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। घटना गुरुवार की शाम करीब 7 बजे गोविन्दपुर थाना क्षेत्र में महेशपुर-डुमरी मार्ग की बताई जा रही है।
घटना में घायल पैक्स अध्यक्ष पवन कुमार को गुरुवार की देर रात नवादा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के वक्त पैक्स अध्यक्ष बाइक से रुपये लेकर गोविन्दपुर के डुमरी में स्थित एक मिलर के पास चावल लेने जा रहे थे। इस बीच रास्ते में बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने पर नेमदारगंज पुलिस ने पैक्स अध्यक्ष को अस्पताल में भर्ती कराया।
बताया जाता है पैक्स अध्यक्ष अपने घर से सुबह करीब 9:30 बजे निकले थे। रात तक उनका पता नहीं चलने पर उनके साथियों ने बाइक का जीपीएस से लोकेशन लिया। नेमदारगंज पुलिस के साथ उन्हें रात करीब 1:30 बजे बरामद किया गया।पैक्स अध्यक्ष के मुताबिक बाइक सवार तीन अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। इस बावत रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि मामले में साक्ष्य संकलन की आवश्यकता है। तकनीकी व मानवीय जांच की जा रही है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।
भईया जी की रिपोर्ट