बिहार के आरा में कांग्रेस दफ्तर में कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट होने की खबर है। इस दौरान एक कार्यकर्ता का सिर फूट गया जबकि मौके पर मौजूद कांग्रेस के पूर्व एमएलसी अजय सिंह भी चोट लगने से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार आज आरा में कांग्रेस के बिहार में प्रभारी सचिव और छत्तीसगढ़ के भिलाई से विधायक देवेंद्र प्रसाद यादव के सम्मान में एक समारोह रखा गया था। इसी दौरान कांग्रेस ऑफिस में ही कार्यकर्ता देखते ही देखते आपस में भिड़ गए। जमकर लात—घूंसे और फैट चलने लगे। थोड़ी ही देर में वहां हालात इतने बिगड़ गए कि कई कांग्रेसियों का सिर फट गया और वे लहूलुहान हो गए। इस घटना में पूर्व एलएलसी अजय सिंह को भी चोट आई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट
वीडियो में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच की हाथापाई साफ देखी जा सकती है। वहीं इसमें कुछ लोग उनको खींचते हुए भी नजर आ रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद और मारपीट का ये वीडियो हैरान कर देने वाला है। लोग एक दूसरे के कपड़े खींचते दिखाई दे रहे हैं। इस आपसी मारपीट और झड़प में पूर्व एमएलसी अजय सिंह गुट के एक कार्यकर्ता का सिर फट गया। एक तस्वीर भी सामने आई है जिसमें कार्यकर्ता के सिर से खून बहता हुआ दिखाई दे रहा है। कांग्रेस दफ्तर में हुई इस घटना ने पार्टी के भीतर के असंतोष की पोल खोलकर रख दी है। जिस तरह से कार्यकर्ता आपस में मापरपीट कर रहे हैं, उसने विरोधियों को बैठे बिठाए सवाल उठाने का मौका मिल गया है।