पटना: संघ के वरिष्ठ प्रचारक नवल प्रसाद जी का रविवार देर रात्रि में निधन हो गया। वर्तमान में नवल जी जागरण पत्रक के प्रांत के पाठक प्रमुख थे। नवल जी मूलतः नालंदा जिला के अस्थावां प्रखंड के अकबरपुर ग्राम के निवासी थे। पटना विश्वविद्यालय से आपने स्नातकोत्तर (भूगोल) तक की आपने पढ़ाई की थी। पढ़ाई के उपरांत 1996 में भागलपुर संघ शिक्षा वर्ग से प्रचारक बने और अपना जीवन राष्ट्र कार्य के लिए समर्पित कर दिया।
संघ के प्रचारक के तौर पर सर्वप्रथम आप सासाराम में नगर प्रचारक बने। इसके बाद बांका एवं नालंदा के जिला प्रचारक के दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में संघ कार्य के विस्तार में आपकी अहम भूमिका थी। ग्रामीण क्षेत्र में सक्रिय गतिविधि के कारण आपको अखिल भारतीय किसान संघ के प्रांत के सह संगठन मंत्री का दायित्व दिया गया। किसान संघ के कई प्रमुख अभियान और कार्यक्रम आपके सफल नेतृत्व में सम्पन्न हुए। अक्खड़ स्वभाव के धनी नवल जी अक्सर अपने कार्य में रमे रहते थे। एक बार कार्यक्रम तय हो जाने के बाद नवल जी पीछे नहीं हटते।
नवल जी की कथनी करनी एक थी। इस कारण से स्वयंसेवकों के बीच काफ़ी लोकप्रिय थे। आपके पिताजी स्व तृप्ति नारायण जी कृषक थे। नवल जी 5 भाई और 1 बहन थे। आपके 3 भाई सरकारी सेवा में थे। सबसे छोटे भाई कौशलेंद्र प्रसाद सिंह का निजी विद्यालय है। नवल जी लंबे समय से बीमार थे। उन्होंने अन्तिम सांस पटना के पालिका विनायक अस्पताल में ली। अन्तिम संस्कार पटना के गुलबी घाट पर हुआ। मुखाग्नि छोटे भाई कौशलेंद्र प्रसाद सिंह ने दी।