खगड़िया में एक बेहद खौफनाक हत्याकांड को अंजाद दिये जाने की खबर है। यहां एक मां—बेटे को पहले तो गोली मारी गई फिर बदमाशों ने गला रेत दिया। इस डबल मर्डर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। जमीन विवाद में हत्या कांड को अंजाम दिए जाने की बात बताई जा रही है। बेटा गोली लगने से जख्मी होने के बाद जान बचाने के लिए छिप रहा था। लेकिन, बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और फिर उसका गला रेत दिया। इसके बाद बदमाशों ने मां को भी गोली मार मौत के घाट उतार दिया। जमीन विवाद में मां-बेटे की गोली मारकर हत्या करने की बात लोग कह रहे हैं। इस खौफनाक डबल मर्डर कांड को खगड़िया के पसराहा थाना क्षेत्र के महद्दीपुर गांव में बीती रात अंजाम दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पसराहा थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है जो सबूत जुटाने में लग गई है। मृतक महिला की पहचान फूला देवी (60) और दूसरे मृतक की पहचान उसके पुत्र पंकज कुमार (35) के रूप में हुई है। दोनों मां बेटे थे। जानकारी के अनुसार 8 बीघे की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में इस घटना को अंजाम दिया गया है। हत्या के बाद से पूरे गांव में तनाव का माहौल है। मृतक के परिवार वालों ने बताया कि निर्मम तरीके से हत्या की गयी है। मृतका की बेटी सविता कुमारी ने बताया कि बदमाशो ने घर में घुस कर सो रहे मां और भाई पर हमला कर दिया और उन्हें मार डाला।
मृतका की बेटी ने बताया कि पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसे लेकर पूर्व में विरोधी पक्ष के आरोपी की मां की हत्या हुई थी। इस मामले में मृतका का पति अभी भी जेल में हैं। इसी का बदला लेने के लिए बीती रात मृतका और उसके बेटे की हत्या की गई। पहले हमलावरों ने मां की नाक में गोली मारी फिर जब बेटा जान बचाने के लिए भागने लगा तो उसे भी गोली मार दी और इसके बाद धारदार हथियार हसुआ से उसकी गर्दन काट दी। पुलिस का कहना है कि पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है। जमीन विवाद में एक महिला की हत्या हुई थी। इस मामले में फूला देवी के पति सतन सिंह पहले से जेल में हैं। प्रतीत होता है कि उसी पुरानी रंजिश में बदला लेने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया है।