नवादा : नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर एक बार फिर हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों ने कचरा उठाने वाली गाड़ियों को सड़क किनारे खड़ा कर दिया है और नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। ऐसा किये जाने से सड़कों पर गंदगी फैलनी शुरू हो गयी है।
कर्मचारियों का आरोप है कि सफाई के एवज में फिलहाल 450 रुपए के बजाय मात्र 350 रुपए भुगतान किया जा रहा है। पूर्व से ही बढ़ी मजदूरी भुगतान की मांग की जाती रही है। कार्यपालक अधिकारी ने आश्वासन दिया था लेकिन अबतक इसे लागू नहीं किया गया। ऐसे में हड़ताल पर जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।
सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से नगर में गंदगी का अम्बार लग गया है। मानसून की बारिश आरंभ होनेवाली है। ऐसे में हड़ताल पर रहने से नगर में कभी भी महामारी फैलने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। बहरहाल नगर परिषद के अधिकारियों ने मौन साध रखा है। ऐसे में हड़ताल लम्बा खिंच जाय तो कोई आश्चर्य नहीं। नगरवासियों ने समाहर्ता से व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर सम्मानजनक समझौता करा सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को समाप्त कराने की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट