राजधानी पटना में लगातार तीसरे दिन मर्डर कांड को अंजाम दिया गया। पाटलिपुत्र के मैनपुरा इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो लोगों को गोली मारी गई। इस घटना में एक व्यक्ति जितेंद्र की मौत हो गई है, जबकि दूसरा शख्स राजा गंभीर रूप से घायल है। पटना पुलिस आशंका जाहिर कर रही है कि यह गोलीबारी आपसी विवाद में हुई है। मृतक और घायल दोनों आपराधिक चरित्र वाले बताए जाते हैं। पाटलिपुत्रा के मैनपुरा में दो लोगों को गोली क्यों मारी गई? अभी इसके बारे में पता चला नहीं सका है। अभी यह भी जानकारी सामने नहीं आई है कि किन लोगों ने इस गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया है। गोलीबारी की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पटना में लगातार तीसरे दिन गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की गहन छानबीन शुरू की। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह घटना आपसी विवाद का परिणाम है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देख रही है। गोलीबारी में मारे गए युवक का नाम जितेंद्र बताया जा रहा है जबकि जख्मी राजा का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है। इस वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी जानकारी इकट्ठा कर रही है।
पटना में लगातार बढ़ रही अपराध की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा दिए हैं। दो दिन पहले सोमवार को आलमगंज थाना क्षेत्र के आरफाबाद में मां-बेटी की हत्या और फिर इसके 24 घंटे के अंदर ही पालीगंज जिले में दो लोगों की हत्या के बाद पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के मैनपुरा में दो और लोगों की गोली मार देने की घटना से लोग काफी डरे हुए हैं। इन लगातार हत्याओं को पटना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती के रूप मेंं देखा जा रहा है। पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की रणनीति बनाई है ताकि लोगों के बीच पुलिस का भरोसा कायम किया जा सके।