जहानाबाद : बिहार के जहानाबाद में बेख़ौफ़ अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए घर में सो रही आर्मी के जवान की पत्नी को गोली मार दी। घायल महिला को आनन-फानन में उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। गोली निकालने के बाद उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। जहाँ, उसका इलाज जारी है। घटना के बाद से इलाके में खौफ का माहौल कायम है। वहीं, पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचकर मामले की जाँच कर रही है। घटना स्थल से एक देसी कट्टा और जिन्दा कारतूस बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, पुष्पा देवी घर में आर्मी जवान पति शिव शंकर कुमार के साथ सो रही थी। तभी अचानक सुबह 4 बजे खिड़की से किसी ने गोली मार दी। गोली लगने से पुष्पा देवी लहूलुहान हो गई। आनन-फानन में उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां से गोली निकालने के बाद उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। पुष्पा देवी के आर्मी जवान पति छुट्टी पर आए थे। दोनों आदर्श नगर में किराए के मकान में रहते थे।
घटना के सम्बन्ध में मकान मालकिन रिंकी मालाकार ने बताया कि हम लोग सभी सोए हुए थे। तभी अचानक बहुत जोर से गोली चलने की आवाज हुई। हम लोग जग गए। इसके कुछ देर बाद पुष्पा के पति जोर-जोर से रोने और चिल्लाने लगे। कहा कि मेरी पत्नी को गोली मार दिया है। वहीं, घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस बरामद कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। फारेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है।