नवादा : जिले के उग्रवाद प्रभावित रजौली थाना क्षेत्र के लेंगुरा पंचायत की तुलसी बीघा गांव में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। पथराव में दो एसआई घायल हो गए। जख्मी की पहचान सतेंद्र सिंह और एसआई सुरेंद्र राम के रूप में की गयी है।
जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पथराव में पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दस लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद की सूचना पर पुलिस विवाद सुलझाने पहुंची ही थी कि विवाद काफी उग्र हो गया।
इस बीच पुलिस को आते देख ग्रामीण उग्र हो गए तथा पुलिस बल पर पथराव करना आरंभ कर दिया। पथराव में दोनों पदाधिकारी गंभीर रूप से जख्मी हो गये। ऱजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच आरंभ कर दी गयी है। हिरासत में लिये गये लोगों से पूछताछ आरंभ कर दी गयी है।
भईया जी की रिपोर्ट