अरवल – जिला पदाधिकारी अरवल कुमार गौरव के निदेश के आलोक में भूमि सुधार उप समाहर्ता अरवल प्रवीण कुमार द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में 21 परिवादियों के फरियाद को सुना गया। परिवादियों द्वारा भूमि विवाद, अनियमितता, अतिक्रमण, कब्जा, मनरेगा, जॉब कार्ड, आवास योजना, दाखिल खारिज, अनुमंडल कार्यालय, ग्रामीण कार्य विभाग, शिक्षा विभाग, जिला पंचायत राज विभाग एवं अन्य विभागों से संबंधित मामले थे।
फरियादियों के आवेदनों के शीघ्र निष्पादन हेतु भूमि सुधार उप समाहर्ता द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिये गये। महेन्दिया थाना स्थित ग्राम टेरी निवासी संजय साव द्वारा बताया गया कि मैं गरीब परिवार से हूँ तथा मुझे आवास की सख्त जरूरत है। आवास सहायक द्वारा 10 हजार रूपया लेने के बाद भी आवास योजना का लाभ नहीं दिया गया। आवास सहायक पर उचित कार्रवाई करने की कृपा की जाए।
भूमि सुधार उप समाहर्ता द्वारा प्रखण्ड विकास पदाधिकारी कलेर को नियमानुसार आवश्यश्क कार्रवाई करने हेतु निदेशित किया गया। कलेर प्रखण्ड स्थित ग्राम मकबुलपुर ग्राम के तेतरी देवी द्वारा बताया गया कि मैं गरीब परिवार के सदस्य हूँ तथा मेरा जॉब कार्ड पूर्व से बना हुआ है जो गलत बताया जा रहा है। आवास योजना में नाम जोड़ने में जॉब कार्ड की आवश्यकता है। मनरेगा कार्यालय द्वारा जॉब कार्ड में नाम नहीं जोड़ा जा रहा है, नाम जोड़वाने की कृपा प्रदान की जाए।
इस संबंध में भूमि सुधार उप समाहर्ता द्वारा प्रोग्राम पदाधिकारी मनरेगा कलेर को नियमानुसार कार्रवाई करने हेतु निदेशित किया गया। अरवल प्रखण्ड स्थित बैदराबाद निवासी कृष्णा बिन्द द्वारा द्वारा बताया गया कि मैं गरीब परिवार के सदस्य हूँ तथा भरण पोषण खेती द्वारा होती है। किसान मोटर पम्प को 30 जनवरी 2025 को रात्रि में मुकेश कुमार वगैरह ग्राम मलहिपटी ने चोरी कर ली है। चोरी की गई मोटर पम्प उपलब्ध करवाने की कृपा की जाए। इस संबंध में भूमि सुधार उप समाहर्ता द्वारा प्रखण्ड विकास पदाधिकारी अरवल को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने हेतु निदेशित किया गया।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट