सारण : बिहार में अपराधियों ने शनिवार की रात को चाकू से गोदकर एक किशोरी की हत्या कर दी है। मामला सारण जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र के बजहिंया गांव की है। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। विधि व्यवस्था की स्थिति सामान्य रखने के लिए भारी पुलिस बल की तनाती की गई है।
दरअसल, सारण जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र के बजहिंया गांव निवासी संजय महतो के 14 वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी की अपराधियों द्वारा चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है। शव घर से 200 मीटर दूर खेत में मिला है। इस घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल कायम हो गया है। शव मिलने के बाद नजदीकी थाने की पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। सूचना के बाद दरियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
घटना के सम्बन्ध में परिजनों का कहना है कि अंजली शनिवार की रात अपनी मां तेतरी देवी को शौच करने की बात कह कर घर से निकली थी। मां के पैर में घाव था, इसलिए वह अकेले ही रात में खेत में चली गई थी। फिर वापस लौटकर घर नहीं आई। वहीँ, रविवार की सुबह गांव की औरतों ने खेत में शव देखकर कर शोर मचाया, उसके बाद अंजली के परिजनों को उसकी हत्या की जानकारी हुई। वहीँ, पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है इसके लिए टीम का गठन कर लिया गया है। बहुत जल्दी अपराधियों की गिरफ्तारी हो जाएगी। विधि व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। पुलिस बल की तनाती की गई है।