जमुई : चकाई प्रखंड के बोंगी बरमोरिया पंचायत में बेख़ौफ़ अज्ञात अपराधियों ने पूर्व मुखिया कृष्णा मंडल के घर के बाहर खड़ी कार और सीमेंट की दुकान पर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। घटना की सूचना नजदीकी चिहरा थाने की पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना के पीछे नक्सलियों का हाथ माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को रात 11 बजे 8 से 10 की संख्या में आए अज्ञात अपराधियों ने पूर्व मुखिया कृष्णा मंडल के घर के बाहर खड़ी कार और सीमेंट की दुकान में आग लगाई। कार व दुकान पूरी तरह से जल गए, जिससे लगभग 6 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। पूर्व मुखिया कृष्णा मंडल ने बताया कि रात 10 बजे के करीब हमलोग सो गए थे। जिसके बाद लगभग 11 बजे 8 से 10 की संख्या में कुछ अज्ञात बदमाशों ने मेरे घर के बाहर खड़ी कार और सीमेंट की दुकान पर पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी।
घटना की सूचना के बाद चिहरा थाना के ASP ओंकारनाथ सिंह एवं झाझा डीएसपी राजेश कुमार घटना स्थल पर पहुंच चुके है और मामले की छानबीन में जुट गए। घटना के सम्बन्ध में ASP ओंकारनाथ सिंह ने बताया कि घटना को लेकर अभी कुछ साफ नहीं है, जांच की जा रही है जो भी तथ्य सामने आएगा उसकी जानकारी साझा की जाएगी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। नक्सलियों का हाथ होने से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।