गोपालगंज के जादवपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर है जिसमें एक किसान पर उसके घर में सोते समय तेज़ाब अटैक किया गया है। इस तेजाब हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी एक आंख पूरी तरह डैमेज हो गई। घटना थानाक्षेत्र के दुखहरण गांव की है। बताया गया कि अधेड़ उम्र किसान रामेश्वर सिंह अपने घर में सोए हुए थे तभी दो लोगों ने उनपर तेज़ाब फेंक दिया और भाग गए। उन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया जहां हालत गंभीर बताई जा रही है।
डॉक्टरों के अनुसार पीड़ित का एक आंख बुरी तरह डैमेज हुआ है। पुलिस को दिये बयान में किसान ने एक हमलावर की पहचान उदय सिंह के रूप में की। उदय सिंह का किसान रामेश्वर सिंह से काफी समय से भूमि विवाद की बात सामने आ रही है। यह भी पता चला कि आरोपी ने पहले भी रामेश्वर सिंह पर तेजाब से हमला करने की कोशिश की थी लेकिन वह बच गए थे। फिलहाल किसान रामेश्वर सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए गोपालगंज सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें पटना के पीएमसीएच रेफर किया है।