हरियाणा और जम्मू-कश्मीर चुनाव में वोटों की गिनती जारी है। हरियाणा के रुझानों में बीजेपी 50 सीटों पर निर्णायक बढ़त के साथ हैट्रिक लागाने की ओर बढ़ रही है। वहीं कांग्रेस शुरुआती रुझानों में बढ़त के बावजूद 1 घंटे की गिनती के बाद लगातार पिछड़ती चली गई। कांग्रेस वहां 34 सीटों पर आगे चल रही है। हरियाणा में लगातार बीजेपी तीसरी बार बहुमत से काफी आगे निकल चली है। वहीं जम्मू कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन बहुमत के करीब पहुंचता दिख रहा है। हालांकि यहां भी भाजपा उसे कड़ी फाइट दे रही है।
लगातार तीसरी बार भाजपा को बहुमत
हरियाणा में एक्जिट पोल और मतगणना के शुरुआती रुझानों ने कांग्रेस की बल्ले—बल्ले करा रखी थी। कांग्रेसी अति उत्साह में जलेबी—लड्डू भी बांटने लगे। उसके सभी क्षत्रप तो मुख्यमंत्री पद के सपने देख आपस में खुश और नाराज भी होने लगे। लेकिन एक घंटे की गिनती भी नहीं बीती कि तमाम एक्जिट पोल, जीत की जलेबी, सब फिकी हो गई। शुरुआती गिनती में कांग्रेस ने अच्छी खासी बढ़त बनाई हुई थी। बढ़त का आंकड़ा 55 को पार कर गया था। कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता ये मान चुके थे कि हरियाणा का यह रण वह जीते चुके हैं।
कांग्रेसी कैंप में यूं पसर गया सन्नाटा
लेकिन इसके ठीक 1 घंटे बाद जैसे पासा ही पलट गया। रेस में पिछड़ती भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार सरकार बनाती दिख रही है तो वहीं कांग्रेस दफ्तर से लोग गायब हो गए और वहां एकदम सन्नाटा पसर गया। हरियाणा में आप और जेजेपी का प्रदर्शन काफी खराब रहा। रुझानों में दोनों का खाता नहीं खुला है। हालांकि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि बहुमत कांग्रेस को ही मिलेगा, वहीं बीजेपी ने कहा है कि उन्हें ऐतिहासिक जनादेश मिलेगा।
जम्मू-कश्मीर में एनसी और कांग्रेस
उधर, जम्मू-कश्मीर में एनसी और कांग्रेस गठबंधन बहुमत का आंकड़ा पार कर चुकी है, लेकिन यहां भी बीजेपी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 26 सीटों पर आगे चल रही है। महबूबा मुफ्ती की पार्टी पीडीपी की हालत खराब दिख रही है, वह सिर्फ 4 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं अन्य 8 सीटों पर आगे चल रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में एनसी-कांग्रेस गठबंधन को सबसे अधिक सीटों का दावा किया गया था, वो तो रुझानों में भी दिख रहा है।