राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों ने आज सोमवार की सुबह एक भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को पटना सिटी के मंगल तालाब के पास अंजाम दिया गया। यहां पटना सिटी चौक के पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष और बीजेपी नेता श्याम सुंदर उर्फ मुन्ना शर्मा की लूट के दौरान हत्या कर दी गई। उनकी सोने की चेन लूटने के दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी।
सिटी चौक नगर मंडल अध्यक्ष थे श्याम सुंदर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भाजपा नेता अपने नजदीकी रिश्तेदारों को टेम्पू पकड़वाने के लिए मंगल तालाब के पास गए थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और सोने की चेन छीनने की कोशिश करने लगे। इसका उन्होंने विरोध किया। देर से घटनास्थल पहुंची पुलिस के खिलाफ स्थानीय लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। लोगों का कहना है कि पुलिस को घटना की सूचना तुरंत मिल गई, लेकिन पुलिस 3 घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची।
रिश्तेदारों को ऑटो पकड़वाने गए थे
जानकारी के अनुसार बीते दिन रविवार को मुन्ना शर्मा के बेटे का छेका था। सोमवार की सुबह वे रिश्तेदारों को छोड़ने मंगल तालाब ऑटो स्टैंड गए थे। वहीं से लौटने के क्रम में अपराधियों ने लूट की कोशिश की और विरोध करने पर गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है।