अररिया : बिहार के अररिया में मुहर्रम ताजिया जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया है। 33 हजार केवी वाल्ट वाले तार के चपेट में आने से करीब दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। ताजिया के साथ जुलूस खेत से होकर लोगों के दरवाजे तक ले जाने के क्रम में यह हादसा हुआ। करंट लगने से झुलसे लोगों में करीब आधा दर्जन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लोगों के दरवाजे पर जाने में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, पलासी थाना क्षेत्र के पिपरा बिजवार में मुहर्रम ताजिया जुलूस के दौरान 33 हजार केवी वाले तार में सट जाने से करीब दो दर्जन लोग करंट लगने से घायल हो गए। ताजिया के साथ जुलूस खेत से होकर लोगों के दरवाजे पर जाने के क्रम में यह हादसा हुआ। सभी घायलों को पहले नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। वहीं, आधा दर्जन से अधिक लोगों को अररिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।