बक्सर जिले के राजपुर में पुलिस ने हथियारों से लैस पूर्व मंत्री और राजपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक छेदी राम को गिरफ्तार किया है। पूर्व मंत्री वहां अपने गुर्गों के साथ एक स्कॉर्पियो में सवार होकर करीब 22 बीघे वाला एक विवादित प्लॉट कब्जाने गए थे। पुलिस ने पूर्व मंत्री के 4 गुर्गों को भी दबोचा है। तलाशी में पूर्व मंत्री के कब्जे से 2 राइफल, 52 कारतूस और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया। पुलिस ने पूर्व मंत्री छेदी राम के खिलाफ अवैध आर्म्स रखने और अवैध तरीके से जमीन कब्जाने की प्राथमिकी दर्ज की है।
जमीन कब्जाने गए थे पूर्व मंत्री, पुलिस ने बताया मामला
मिली जानकारी के अनुसार पूर्व मंत्री अपने गुर्गों के साथ राजपुर के सैथू बसंतपुर छावनी मौजा में लगभग 22 बीघा विवादित जमीन पर कब्जा करने के इरादे से पहुंचे। वहां असलहों से लैस पूर्व मंत्री की ग्रामीणों के साथ बहस हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने दबंगई दिखाने की कोशिश कर रहे नेताजी का विरोध करना शुरू कर दिया और पुलिस को इत्तला दी। सदर एसडीपीओ धीरज कुमार ने बताया कि स्थानीय निवासी अंबुज चौबे और गणेश चौबे के बीच पूर्व से भूमि विवाद चल रहा था। एक दिन पहले रविवार की शाम को ही अंबुज चौबे ने राजपुर थाना में लिखित शिकायत की थी कि कुछ लोग जबरन हथियार के बल पर उनकी जमीन जोत रहे हैं।
स्कॉर्पियो से भाग रहे थे नेताजी, पीछा कर पकड़ा
इसबीच पुलिस जैसे ही घटनास्थल पर पहुंची तो पुलिस को देखते ही एक स्कॉर्पियो पर सवार कुछ लोग भागते नजर आए। करीब 10 किमी पीछा करने के बाद स्कॉर्पियो को पकड़ लिया गया। गाड़ी की तलाशी में दो राइफल और 57 कारतूस के अलावा एक खोखा बरामद किया गया। पुलिस ने पूर्व मंत्री पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। नेताजी के पास से भारी गोला-बारूद भी बरमद किया गया।