कांग्रेस पार्टी के नेता सुरेंद्र यादव के निधन पर शोक संवेदना
अरवल – जिला कांग्रेस कमेटी अरवल के महासचिव सुरेंद्र यादव के निधन पर शोक संदेश व्यक्त किया है मालूम हो कि शुक्रवार को सुबह इंदिरा गांधी अस्पताल आर्युविज्ञान. संस्थान पटना में निधन हो गया, वे कुछ महीनों से किडनी रोग से पीड़ित थे, उनके निधन पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ धनंजय शर्मा, कोषाध्यक्ष निसार अख्तर अंसारी, उपाध्यक्ष कामेश्वर शर्मा, प्रो मदन यादव, संजय कुमार सिंहा, प्रवक्ता मो जावेद अख्तर ने गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि, वे पहले भाकपा माले में थे बाद में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर कांग्रेस में काफी सक्रिय थे।
आगे उन्होंने कहा कि वो (सुरेंद्र यादव) हर कार्यक्रमों में बढ-चढकर भाग लेते थे, वे एक कुशल संगठनकर्ता थे। आम जनता की सेवा कर रहे थे, कांग्रेसी नेताओं ने उनके निधन पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि सुरेंद्र यादव के निधन से पार्टी ने अरवल में एक मजबूत नेता को खो दिया है जिसका निकट भविष्य में पुर्ति होना सम्भव नहीं है।
बाइक से गिरकर महिला गंभीर रूप से घायल
कलेर,अरवल –प्रखंड क्षेत्र के मेहंदिया बाजार में बाइक से गिरकर एक महिला बुरी तरह घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल अरवल भेज दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार मसूदा गांव की कलावती देवी अपने देवर के साथ पूजा का सामग्री खरीदने मेहंदिया बाजार आई थी तभी सड़क जाम में बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ा जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी।
भीड़-भाड़ वाले बाजार में घटना स्थल पर भीड़ लग गयी।आनन फानन में लोगों ने घायल को ईलाज हेतु अरवल भेज दिया है।लोगों का कहना है कि बालू उठाव के कारण अक्सर बाजार में जाम लग रहा है।लगातार हो रही बारिश से चारो ओर कीचड़ हो गया है जिससे प्रायः बाईक सवार दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।
पूरे दिन जाम से कराहता रहा राष्ट्रीय राजमार्ग 139,घंटो जाम में फंसा रहा एम्बुलेंस।
कलेर,अरवल -राष्ट्रीय राजमार्ग 139 एक बार फिर शुक्रवार को पूरे दिन जाम से कराहता रहा। प्रखंड के कलेर से वालिदाद तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जाम में एंबुलेंस वाहन भी काफी देर तक फंसा रहा। वहीं स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम का कारण बालू स्टॉक पोवाईंट से बालू उठाव बताया जा रहा है। वैसे तो बालू उठाव के कारण राष्ट्रीय मार्ग पर अक्सर जाम लग रहा है किंतु यह दूसरा मौका है जब पूरे दिन जाम से लोग करहाते रहे।
जाम की समस्या से निजात पाने के लिए प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है जिससे आम आवाम में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। एक तो राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे बालू का स्टॉक प्वाइंट बना दिया गया है वहीं बालू लोड करने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। यही कारण है कि बालू लोड करने के लिए स्टॉक प्वाइंट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग जा रही है। लोगों ने जाम की समस्या से निजात पाने के लिए प्रशासन से उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
जनता दरबार में 22 परिवादियों की फरियाद को सुन शीघ्र निष्पादन का दिया गया निर्देश
अरवल – जिला पदाधिकारी, अरवल के निदेश के आलोक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, सुधांशु शेखर द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में 22 परिवादियों के फरियाद को सुना गया। परिवादियों द्वारा भूमि विवाद, नाली गली, मारपीट, अतिक्रमण, अनियमितता, जमाबंदी रसीद, आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा, आईसीडीएस, गृह रक्षा वाहिनी एवं अन्य विभागों से संबंधित मामले थे। फरियादियों के आवेदन के शीघ्र निष्पादन हेतु जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिये गये।
अरवल प्रखण्ड स्थित ग्राम वासिलपुर निवासी गायत्री देवी द्वारा बताया गया कि नगर परिषद वार्ड नं०- 05 में मनीष कुमार के साथ अन्य लोगों द्वारा रास्ते पर पीलर गाड़कर अतिक्रमित कर लिया गया है. अतिक्रमण मुक्त कराने की कृपा की जाए। इस संबंध में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद अरवल को नियमानुसार निष्पादन हेतु निदेश दिया गया।
रामपुर चौरम थाना स्थित ग्राम रामपुर चौरम निवासी राम कृपाल सिंह द्वारा बताया गया कि मेरी पत्नी की मृत्यु अक्टूबर 2023 हो गई है. जो आँगनबाड़ी सहायिका के पद पर उत्तरी वार्ड नं0-10 में कार्यरत थी। सीडीपीओ अरवल को पूरी कागजात समर्पित करने के बाद भी अबतक सरकारी अनुग्रह अनुदान राशि नहीं प्राप्त हुई है। अनुग्रह अनुदान राशि उपलब्ध करवाने की कृपा की जाय।
इस संबंध में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस अरवल को नियमानुसार जाँच कर कारवाई करने हेतु निदेशित किया गया। परासी थाना स्थित ग्राम परासी निवासी इसलाम सदुरी फरोस द्वारा बताया गया कि मैं गरीब परिवार से हूँ तथा मेरी पत्नी की मृत्यु 17 फरवरी 2024 को हो गई है तथा मृत्यु के उपरांत कबीर अन्तयेष्टि योजना के लाभ हेतु ग्राम पंचायत परासी के मुखिया को आवेदन दिया था पर मुखिया द्वारा दाह संस्कार की राशि प्रदान नहीं की गई।
राशि उपलब्ध करवाने की कृपा की जाय। इस संबंध में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग अरवल को नियमानुसार निष्पादन हेतु निदेश दिया गया। इसी प्रकार अन्य मामलों के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिया गया
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट