मोतिहारी से आज शनिवार को एक हैरान करने वाली खबर सामने आई जिसमें एक युवती ससुराल जाने से बचने के लिए 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर चढ़ने के बाद वह चिल्ला—चिल्ला कर बोलने लगी कि मैं ससुराल नहीं जाऊंगी। अगर ऐसा जबरन किया गया तो जान दे देगी। इस वाकये ने पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझा बुझाकर नीचे उतारा गया। परिजनों ने युवती को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया और फिलहाल उसे डॉक्टर के पास दिखवाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, टावर पर चढ़ने वाली युवती का नाम ममता बताया जाता है। वह हरसिद्धि थाना क्षेत्र निवासी भरत प्रसाद की पुत्री है। उसने 10 दिन पहले ही एक बच्चे को जन्म दिया है। शादी के बाद से वह अपने मायके में रह रही थी। उसके ससुराल वाले उसे अपने घर ले जाना चाहते थे, लेकिन युवती ने ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया। इस मुद्दे पर तनाव इतना बढ़ गया कि उसने टावर पर चढ़ने का यह खतरनाक कदम उठा लिया। परिजनों के ससुराल जाने के दबाव के बाद ममता अचानक घर के बगल में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और ऊपर से जोर-जोर से चिल्ला कर कहने लगी कि मैं ससुराल नहीं जाऊंगी।
बताया गया कि पूर्व में इस मामले को सुलझाने के लिए स्थानीय स्तर पर पंचायत भी बुलाई गई थी लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। युवती का ससुराल जाने से इनकार और पारिवारिक विवाद ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। टावर पर चढ़कर उसने स्पष्ट कहा कि अगर कोई उसे जबरदस्ती नीचे उतारने या पकड़ने की कोशिश करेगा, तो वह कूद जाएगी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद हरसिद्धि पुलिस उसे टावर से नीचे उतारने में कामयाब रही।