बिहार में मानसून आज से एकबार फिर गति पकड़ रहा है। मौसम विभाग ने आज बुधवार को बिहार के 11 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि इन इलाकों में 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान राजधानी पटना समेत कई जिलों में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर यानी कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जिसकी वजह से पूर्वी भारत के कई राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। इसी लो प्रेशर क्षेत्र का असर बिहार में भी दिखाई देगा। कहा गया कि पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, अरवल, रोहतास और औरंगाबाद में आज से अगले कुछ दिनों तक तेज से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
आज के मौसम अपडेट में बताया गया कि राजधानी पटना समेत आसपास के जिलों में बुधवार को दिनभर काले बादल छाए रहेंगे। 11 जिलों में आरेंज अलर्ट तो रोहतास, कैमूर और औरंगाबाद के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। पटना में आज हल्की से मध्यम बारिश तो कुछ जगहों पर तेज बौछारों की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, राज्य के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम इलाकों में वज्रपात और गरज के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून टर्फ इस समय फिरोजपुर, देहरादून, वाराणसी, डेहरी और झारखंड से होते हुए पश्चिम बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। इस कारण बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
बताया जाता है कि बिहार में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। अभी तक राज्य में औसत से करीब 40% कम पानी बरसा है। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता से इस कमी के पूरे होने की उम्मीद जगी है। पूर्वानुमानों में बताया गया है कि राज्य में 20 अगस्त से बारिश की गतिविधियां और बढ़ेंगी। कल 20 अगस्त को पटना, नालंदा, गया, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, आरा और बक्सर में तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान इन इलाकों में आकाशीय बिजली यानी वज्रपात को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह
21, 22 और 23 अगस्त को बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।