बिहार इस समय मौसम के दोहरे मिजाज से जूझ रहा है। एक तरफ दक्षिण बिहार भीषण गर्मी है, तो दूसरी तरफ उत्तर और पूर्वी बिहार के कोसी-सीमांचल में आंधी, बारिश और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई है। बीते 24 घंटों के दौरान कोसी-सीमांचल के जिलों में आंधी और ठनका गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कल 28 अप्रैल को राजधानी पटना समेत कुछ जिलों में कई जगहों पर बादल छाए रह सकते हैं। इसके अलावा आंधी और बारिश भी हो सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके अलावा आज सोमवार को मौसम विभाग ने बिहार के 13 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट किया है। इन जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. साथ ही बिजली और ओले गिरने की आशंका है।
पटना में कल से राहत भरी छांह
बताया गया कि पिछले कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद कल देर रात से बिहार में मौसम बदलना शुरू हो गया। राजधानी पटना, वैशाली, समस्तीपुर, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में गर्मी की जगह ठंडी हवाओं और बारिश ने ले ली। आज भी 13 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट किया गया है। इन जिलों में 50KM/H की रफ्तार से हवा चलेगी।वहीं राज्य के अन्य 25 जिलों में गर्मी लोगों को परेशान करेगी। मौसम विभाग ने आज पटना में बारिश के कोई संकेत नहीं जताए हैं। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने के कारण राजधानी में भी तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है और आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
वहीं बीती रात सहरसा, सुपौल, कटिहार, पूर्णिया और अररिया में तेज आंधी ने कई कच्चे मकानों और अनेक पेड़ों को गिरा दिया। इन जिलों में वज्रपात के कारण अलग-अलग जगहों पर पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में कटिहार के तीन लोग, पूर्णिया और अररिया एक-एक महिला की मौत हो गई। सीएम सम्राट ने इन घटनाओं पर शोक जताया जताते हुए सभी मृतक के आश्रितों को तत्काल चार-चार लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने का ऐलान किया है। मौसम विभाग के अनुसार 28 अप्रैल से राजधानी पटना के लोगों को गर्मी से राहत मिलनी शुरू हो जाएगी। आसमान पर बादल छाए रहेंगे। मौसम की यह राहत पटना वालों के लिए 30 अप्रैल और 1 मई तक जारी रह सकती है।