छपरा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जिसमें मांझी के एक वार्ड पार्षद राजाबाबू की बीती देर रात आपसी विवाद में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक वार्ड पार्षद का आज शनिवार को तिलकोत्सव था। हमले में पार्षद के तीन रिश्तेदार भी चाकू लगने से जख्मी हो गए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। घटना मांझी नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 की है। यहां वार्ड पार्षद की हत्या की खबर मिलते ही घर का खुशियों भरा माहौल मातम में बदल गया। वांर्ड संख्या 9 के पार्षद राजा बाबू की आज ही शादी होने वाली थी। लेकिन सिर पर सेहरा सजने से पहले ही उनकी अर्थी उठ गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची ने अनुसंधान शुरू करते हुए एफएसएल की टीम को वहां सबूत इकट्ठा करने के लिए बुलाया है।
सजावट को लेकर हुआ खूनी संघर्ष
मिली जानकारी के अनुसार यह पूरा विवाद घर के दरवाजे पर हो रही शादी की सजावट को लेकर शुरू हुआ था। सजावट के दौरान पड़ोसियों के साथ वार्ड पार्षद की कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान हुई चाकूबाजी में पार्षद राजा बाबू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी ईलाज के दौरान मौत हो गई। यह वारदात तब हुई जब परिवार के अन्य लोग पार्षद के तिलकोत्सव की तैयारियों में लगे हुए थे। बताया जाता है कि पहले मुख्य द्वार की सजावट को लेकर पड़ोसियों के साथ विवाद हुआ। इसके बाद अचानक कुछ लोग पार्षद के घर में घुस गए और उन्होंने आते ही चाकू से हमला करना शुरू कर दी। वार्ड पार्षद चाकू लगने से वहीं गिर गए जबकि उनके तीन अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
मृतक राजा बाबू मांझी नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 के वार्ड पार्षद थे। उनका घर के मुख्य दरवाजे की सजावट को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ जिसके बाद यह घटना घटी। सभी घायलों को इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि मुख्य द्वार की सजावट को लेकर विवाद दो दिन पूर्व हुआ था। इसी बात को लेकर बीती रात हमलावरों ने घटना को अंजाम दिया। उधर सूचना मिलते ही मांझी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू किया। फिलहाल सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।