बांका में फुलीडूमर प्रखंड के बीडीओ अमित प्रताप सिंह को आज मंगलवार की सुबह निगरानी की एक टीम ने 75 हजार की घूस लेते रंगे हाथ दबोच लिया। जानकारी के मुताबिक पटना से आई निगरानी टीम ने आज सुबह बीडीओ के बांका स्थित आवास पर अचानक छापा मारा और बीडीओ को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि इस दौरान बीडीओ के साथ ही उसके मामा को भी अरेस्ट किया गया है। निगरानी की टीम ने बांका शहर के नेहरू कॉलोनी स्थित बीडीओ के निजी आवास पर यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद बीडीओ और उसके मामा बच्चन प्रसाद सिंह को बांका परिसदन लाया गया जहां दोनों से पूछताछ की जा रही है।
प्रखंड प्रमुख की शिकायत पर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार बीडीओ के खिलाफ यह कार्रवाई फुलीडूमर के प्रखंड प्रमुख गौतम प्रकाश की शिकायत पर की गई। प्रमुख ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में बीडीओ के खिलाफ शिकायत की थी जिसमें आरोप लगाया था कि पंचायती राज विभाग से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति और राशि निकासी की एवज में बीडीओ 75 हजार की रिश्वत डिमांड कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया और मामला सही पाए जाने के बाद बीडीओ को दबोचने के लिए जाल बिछाया। आज मंगलवार की सुबह डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में निगरानी की एक विशेष टीम पटना से बांका पहुंची और नेहरू कॉलोनी स्थित बीडीओ के आवास पर धावा बोल उन्हें दबोच लिया।
योजना के अनुसार प्रखंड प्रमुख ने जैसे ही बीडीओ को उसके घर में रिश्वत के 75 हजार रुपये सौंपे, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने बीडीओ अमित प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ ही मौके पर मौजूद बीडीओ के मामा बच्चन प्रसाद सिंह को भी हिरासत में लिया गया। बीडीओ को पटना स्थित निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा जिसके लिए निगरानी टीम जरूरी कानूनी कार्रवाई के बाद उसे लेकर पटना रवाना हो जाएगी। विदित हो कि बीडीओ अमित प्रताप सिंह पिछले 24 घंटे से लगातार सुर्खियों में थे। कल सोमवार को फुलीडूमर प्रखंड कार्यालय में जन्म प्रमाण पत्र जारी करने को लेकर बीडीओ और पूर्व मुखिया संजीव कुमार मंडल के बीच विवाद हुआ था। बीडीओ ने पूर्व मुखिया पर मारपीट का आरोप लगाया था।